खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप, 24 घंटे बाद कैंपियरगंज क्षेत्र की सीमा में मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। मेंहदावल और कैम्पियरगंज क्षेत्र की सीमा पर स्थित करमैनी घाट पर शुक्रवार को एक युवक ने पुल से नदी में छलांग लगा दिया था। युवक की तलाश में एनडीआरएफ, मेंहदावल और कैंपियरगंज पुलिस लगी हुई थी। शनिवार की देर शाम युवक का शव बरामद किया गया। वहीं मृतक के परिजनों ने करमैनी घाट पर हंगामा करते हुए सड़क जाम कर कुछ युवकों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। इसके अलावा युवकों द्वारा बेची गई जमीन की रकम हड़प लेने का भी आरोप लगाया है।
करमैनी घाट पर स्थित राप्ती नदी में विशाल जायसवाल (25) पुत्र जगदीश निवासी डुमरिया थाना कैंपियरगंज जनपद गोरखपुर ने छलांग लगा दी थी। देर शाम एनडीआरएफ टीम तथा मेंहदावल और कैंपियरगंज पुलिस की टीम शव को राप्ती नदी से बरामद करने में कामयाबी मिली। वहीं शनिवार की सुबह करीब 11:00 बजे मृतक युवक के परिजन करमैनी घाट पर हंगामा करते हुए धरने पर बैठ गए। जिसके कारण करीब आधा घंटा तक मेंहदावल-करमैनी घाट मार्ग जाम रहा। एसआई सत्येंद्र यादव व अवधेश सिंह ने परिवार को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया।
जमीन के विवाद में दबाव का आरोप
परिजनों का आरोप था कि मृतक विशाल ने खलीलाबाद में स्थित एक जमीन की बिक्री की थी। अपने हिस्से से अधिक जमीन बेच दिया था। क्रेता बार-बार विशाल पर मानसिक रूप से रकम वापस करने का दबाव बन रहा था। जिसके कारण मजबूर होकर युवक ने आत्महत्या कर लिया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग भी की। एसओ आरके सिंह ने बताया कि राप्ती नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव बरामद हुआ है। परिजनों का जो आरोप है और मृतक के संबंध में सभी कार्रवाई कैंपियरगंज थाने से की जाएगी।