संतकबीरनगर। शहर के मुखलिसपुर क्राॅसिंग के पास शनिवार को रेलवे ट्रैक के बीच में युवक का शव मिला। घटना की वजह से गाड़ी संख्या 14674 डाउन रेलवे स्टेशन खलीलाबाद पर चार मिनट विलंबित हुई।
आरपीएफ चौकी इंचार्ज सुनील कुमार कसाना ने बताया कि शनिवार सुबह 10:40 बजे सूचना मिली कि खलीलाबाद-मगहर स्टेशन के बीच मुखलिसपुर क्राॅसिंग के पास डाउन लाइन के बीच एक युवक का शव पड़ा है। सूचना के बाद हेड कांस्टेबल दुर्ग विजय यादव को मौके पर भेजा गया। बाद में जीआरपी चौकी इंचार्ज और कोतवाली के एसआई कृष्ण कुमार राव भी पहुंच गए।
युवक का सिर और दोनों हाथ कट कर अलग हो गया था। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष आंकी गई। शव को ट्रैक से हटवा कर लाइन साफ कराया गया। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हुई है। युवक की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। संवाद