सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की महिला शाखा की प्रदेश महासचिव नंदिनी राजभर (30) की रविवार दिनदहाड़े उनके घर में ही हत्या कर दी गई। उनका शव उनके कमरे में फर्श पर मिला। बताया जा रहा है कि नंदिनी को कुछ दिनों से धमकी मिल रही थी। सूचना पर एएसपी, सीओ समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली।
तनाव के मद्देनजर गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के डीघा गांव निवासी नंदिनी राजभर (30) पत्नी अच्छेलाल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की महिला शाखा की प्रदेश महासचिव थी। रविवार दोपहर वह जिला स्टेडियम में आरएसएस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दिन में करीब दो बजे घर के लिए निकलीं।
नंदिनी की सास आरती देवी के अनुसार, शाम करीब चार बजे वह घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से खुला था। वह अंदर पहुंची और नंदिनी को आवाज देने लगीं लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। घर में कोई और भी नहीं था। वह नंदिनी के कमरे में गईं तो वहां अंधेरा था और वह बेड के पास फर्श पर सोई दिखी। उन्होंने एक-दो बार आवाज दी लेकिन उसने जवाब नहीं दिया तो वह उसके पास गईं और सिर पकड़ कर उठाने की कोशिश की तो उनका हाथ खून से सन गया।
यह देख वह चीख पड़ीं। चीख सुन आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घरवालों का कहना है कि कुछ दिनों से नंदिनी को धमकी मिली रही थी। इससे वह तनाव में थी। धमकी देने वालेे कौन थे यह बात घरवालों ने नहीं बताई।
वहीं, हत्या की सूचना के बाद पुलिस फोर्स के साथ कोतवाल मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। साथ ही फॉरेंसिक टीम भी घटना स्थल पर पहुंच कर साक्ष्य संकलन में जुट गई। हत्या की सूचना के बाद सीओ ब्रजेश कुमार सिंह और एएसपी शशि शेखर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। गांव में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स को लगा दिया गया है।