मगहर। नगर पंचायत मगहर के मोहनलालपुर में सोमवार की सुबह अर्द्घ निर्मित मकान की चौखट से गमछे के सहारे लटका युवक का शव मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। गांव के लोग कई तरह की चर्चाएं कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि कुछ परिस्थितियां संदिग्ध लग रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
मगहर चौकी इंचार्ज रजनीश राय ने बताया कि नगर के मोहनलालपुर मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय दीनदयाल रविवार की देर शाम घर से भोजन करके निकले थे। वह रात में घर नहीं लौटे। सुबह घर के पीछे भोला निषाद के अर्द्घ निर्मित मकान में चौखट से गमछे के सहारे दीनदयाल का लटका शव मिला। इसकी जानकारी होते ही आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और शव को नीचे उतारा।
पूछताछ में परिवार के लोगों ने बताया कि दीनदयाल मजदूरी करते थे। उनके चार बच्चे हैं। दो बेटी और दो बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा 13 वर्ष का है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ तौर पर कुछ बताया जा सकता है। जांच की जा रही है।