मेंहदावल नगर के बेलबनवा मोहल्ले में आत्महत्या के मामले की जांच करते एसओ।
मेंहदावल। बेलबनवा मोहल्ले में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर में छत के कुंडे में फंदे से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले में लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
बेलवनवा निवासी श्यामू (23) पुत्र दशरथ निषाद शुक्रवार की सुबह अपने कमरे में सोने गया था। दोपहर 12 बजे तक वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिवार के लोगों को शक हुआ। लोगों ने खिड़की के रास्ते देखा तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। लोग दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा। मृतक के भाई रामू ने आत्महत्या की बात कही है। लेकिन, मेंहदावल पुलिस हर बिंदु पर जांच पड़ताल में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष विजय कुमार दुबे ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच पड़ताल के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।