संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के मनियरा चौराहे के निकट शुक्रवार को एक अनियंत्रित डीसीएम ने तीन लोगों को ठोकर मार दी। जिससे तीनों घायल हाे गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भुजैनी गांव के सुरेश चंद्र अपने भतीजे श्याम सुंदर के साथ मनियरा में आयोजित सगाई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पैदल ही घर से जा रहे थे। उनके साथ उनके मामा त्रियुगी नारायण भी थे। अभी वह लोग पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि अनियंत्रित डीसीएम ने तीनों को ठोकर मार दी। इस घटना में तीनों लोग बुरी तरह से घायल हो गए। सूचना पर उनके परिजन पहुंच गए और इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।