बदहाल स्थिति में दशांवा पचपोखरी मार्ग
लोहरौली। दशावां-पचपोखरी मार्ग की स्थिति काफी बदहाल हो चुकी है। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों के अन्दर इस मार्ग का सुदृढ़ीकरण न होने से काफी आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है। दशांवा गांव के ग्रामीण जमालुद्दीन, इसराक हाजी, तुफैल अहमद, अब्दुल सलाम, बब्बू, इसरार, हसन मोहम्मद, एहसन,सेराज अहमद, खुर्शीद अहमद आदि का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। लेकिन खराब सड़क के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग 10 किलोमीटर लंबा है और यहां से होकर दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन होता है। सेमरियांवा क्षेत्र के लोग इस मार्ग से होकर पचपोखरी होते हुए जिला मुख्यालय की राह भी तय करते हैं। लोगों ने इस मार्ग के निर्माण की मांग की है।