बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत
नाथनगर में कपड़े की दुकान चलाते थे रामपाल
भीड़ ने बाइक चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा(संतकबीरनगर)। महुली क्षेत्र के तिनहरी पुलिया के पास बुधवार को बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने बाइक सवार को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
महुली क्षेत्र के जसरौली (भैंसही) गांव निवासी रामपाल (60) की नाथनगर में कपड़े की दुकान है। वह रोज की भांति बुधवार को घर से साइकिल से दुकान पर जा रहे थे। तिनहरी पुलिया के पास सामने से तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में रामपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होता देखकर आसपास के लोग पहुंच गए। घायल को आननफानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चिकित्सकों की टीम ने रामपाल की मौत की पुष्टि कर दी। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पीड़ित छोटे भाई गिरजेश सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ संतोष मिश्रा ने बताया कि बाइक चालक पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।