- आठ प्रवक्ता व आठ सहायक अध्यापक के पद खाली, लैब भी नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में शिक्षकाें के पद खाली है। सिर्फ एक प्रवक्ता और छह सहायक अध्यापक ही तैनात है। इससे यहां पढ़ने वाली 1525 छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही यहां पर लैब नहीं है, जिसकी वजह से भौतिक, रसायन व जीव विज्ञान की छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ती है।
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज को वर्ष 2008 में उच्चीकरण कर इंटर की मान्यता मिली। उसके बाद यहां पर नामांकन का सिलसिला शुरू हो गया। लेकिन यहां पर पर्याप्त शिक्षक तैनात नहीं किए गए। कॉलेज में प्रवक्ताओं के नौ पद खाली है। इसके साथ ही सहायक अध्यापक के आठ पद खाली है। हालांकि प्रधानाचार्य की स्थायी नियुक्त हो चुकी है, पर शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय शहर के बीचों बीच होने के चलते परिसर में जगह की कमी बनी हुई है।
परिसर इतना छोटा है कि चार मंजिला भवन में इस विद्यालय को संचालित किया जाता है। यहां पर कुल 14 कमरे बने हुए हैं। 11 कमरों में छात्राओं की पढ़ाई होती है। अन्य तीन कमरों में ऑफिस का काम होता है। शिक्षिकाओं को टाइम टेबल के अनुरूप कक्षाओं में भेजा जाता है और वह अपनी जिम्मेदारियां निभाती हैं। वर्तमान में यहां पर कुल 1525 छात्राओं का नामांकन है। विद्यालय की मानें तो अभी 200 के करीब और नामांकन हो सकता है। ऐसे में शिक्षकों की कमी के चलते पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
शिक्षकों की कमी है, इसके लिए शिक्षा निदेशालय को पत्र भेजा गया है, फिर भी जितनी तैनाती है उन्हीं शिक्षकाें से बेहतर पठन-पाठन कराया जा रहा है। छात्राओं का नामाकंन चल रहा है।
- शबीहा मुमताज, प्रधानाचार्य