हैंसर। धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर शनिवार की शाम गागरगाड़ गांव के पास स्थित स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज के निकट बस और ट्रक में टक्कर से बस में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
घायलों को लोग सीएचसी मलौली पहुंचाए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज ले जाते समय एक युवक की मौत हो गई।
बखिरा क्षेत्र के ककरहिया गांव निवासी वाराणसी से शव का अंतिम संस्कार करके बस से घर लौट रहे थे। जब वह धनघटा के आगे गागरगाड़ गांव के करीब पहुंचे तो सामने से तेज गति से आए ट्रक और बस की आमने-सामने टक्कर हो गई।
बस में सवार प्रमोद (18) पुत्र पंचम, चित्रभुवन राय (55) निवासी ककरहिया थाना बखिरा जिला संतकबीरनगर व विमलेश यादव ग्राम मैनहवा थाना मेहदावल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा की सूचना लोगों ने थाने पर देने के साथ 108 नंबर एंबुलेंस बुलवाई। पुलिस ने गांव वालों के सहयोग से घायलों को सीएचसी मलौली भेजवाया।
जहां से डॉक्टरों ने तीनों घायलों की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल से मेडिकल कॉलेज ले जाते समय विमलेश यादव की मौत हो गई। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। एसओ संतोष तिवारी ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।