संतकबीरनगर। शहर में संचालित एक प्राइवेट बैक में जमा रुपये का भुगतान नहीं किए जाने से नाराज महिलाएं और पुरुषों ने सोमवार को कोतवाली में पहुंच कर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप था कि आस-पास के कई गांवों के 500 से अधिक लोगों ने एजेंट दंपति के माध्यम से करीब चार करोड़ से अधिक पैसा जमा किया है लेकिन भुगतान नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने अपना जमा पैसा दिलाने और एजेंट दंपति समेत अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाल के आश्वासन के बाद लोगों ने तहरीर दी और वापस चले गए।
निवासी वीरेंद्र पुत्र रामसूरत, बृृजेश मिश्रा, शशिकला, शर्मिला, रामदास, बदामी, चिंता, विनोद, जुग्गी, अमरावती, कमरुन्निशा, रामकेवल, अनिल, गेंदा देवी, फूलमती, धरमशीला, पुष्पा, झिनका देवी, अर्जुन, शकुंतला, सुधाबाला, आशा देवी, माया देवी, कंचन आदि का आरोप है कि एजेंट दंपति के माध्यम से उन लोगों ने प्राइवेट बैंक की शाखा में पैसा जमा किया। उनके अलावा डीघा, धौरहरा, नेहिया, चकपिहानी, बेलवनिया, भैसहिया, नेहिया आदि गांवों के 500 से अधिक लोगों ने अपना पैसा जमा किया है। पांच साल में जमा धनराशि तीन गुना करने का उन्हें प्रलोभन भी दिया गया था। चार करोड़ से अधिक रुपये का भुगतान होना है लेकिन नहीं हो पा रहा है। वीरेंद्र ने आरोप मढ़ा कि एजेंट दंपति के कहने पर वह और उनकी पत्नी ने माकिस 15000 रुपये जमा किया था। कुल तीन लाख 60 हजार रुपये मूलधन जमा किया है। अब एजेंट दंपति उनका जमा पैसा देने में हीलाहवाली कर रहे हैं। उनके अलावा अन्य ग्रामीणों का भी पैसा भुगतान नहीं कर रहे हैं। वीरेंद्र और अन्य ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से एजेंट दंपति व अन्य के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। एजेंट दंपति के अलावा अन्य जिम्मेदारों पर जालसाजी और गबन का केस दर्ज करके विवेचना की जाएगी। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसी आश्वासन के बाद लोग चले गए।