स्वाट और बखिरा पुलिस ने रविवार रात गश्त के दौरान पकड़िया तिराहे के पास से लूट की बाइक और तमंचे के साथ एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया। लुटेरे के खिलाफ गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज और संतकबीरनगर में कई केस दर्ज हैं।
एसपी हेमराज मीणा ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि एसओ बखिरा रामभवन यादव और स्वाट टीम प्रभारी राजकुमार यादव की संयुक्त टीम ने रात्रि गश्त के दौरान पकड़ियां तिराहे के पास से चेकिंग के दौरान एक युवक को बाइक के साथ पकड़ा। पूछताछ में युवक की पहचान शातिर लुटेरे उदयवीर यादव पुत्र सत्येंद्र यादव निवासी ग्राम सावर थाना बांसगांव, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। उसके पास से 32 बोर का तमंचा, कारतूस और दो सेट मोबाइल बिना सिम कार्ड के मिला। पूछताछ में उदयवीर यादव ने बताया कि बरामद बाइक लूट की है।
जिसे आठ मई को धुरियापार चीनी मिल गोरखपुर रोड से साथी राहुल तिवारी के साथ मिल कर लूटी थी। उसने अपने साथी प्रिंस पांडेय और उसके एक साथी के साथ मिलकर एक मार्च को हेतिमपुर महुआडावर रोड जिला देवरिया के पास से काले रंग की पल्सर और दो मोबाइल लूटे थे। जिसमें से एक मोबाइल उसके पास है और दूसरा मोबाइल प्रिंस पांडेय के साथी के पास है। लूट की बाइक बांसगांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान छोड़ कर भाग गया था। उसके पास बरामद दूसरा मोबाइल साथी कैलाश ढाड़ी के साथ मिल कर 18 मार्च को पनियरा महराजगंज क्षेत्र के नरकटहवा गांव के पास से लूटा था।
20 अप्रैल को मुजुरी बाजतार पर एक शख्स से तमंचे के बल पर डिग्गी से सोने- चांदी के जेवरात और 5000 लूटे थे। लूट के जेवरात कैलाश ढाड़ी के पास है। एसपी के मुताबिक पकड़े गए लुटेरे उदयवीर यादव के खिलाफ गोरखपुर के बांसगांव, खजनी, ऊरवा, गगहा, देवरिया जिले के रामपुर कारखाना, महराजगंज के पनियरा, संतकबीरनगर के महुली और बखिरा थाने में लूट, छिनैती, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगेस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट ,आर्म्स एक्ट के 22 मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए लुटेरे को जेल भेज दिया गया। वहीं एसपी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये का इनाम भी दिया।