गोरखपुर-लखनऊ हाइवे पर शनिवार सुबह खड़े ट्रक में एक के बाद एक दो ट्रक पीछे से टकरा गए। इससे पहले टकराए ट्रक के चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
शनिवार भोर में आलू लदा एक ट्रक खलीलाबाद से गोरखपुर की तरफ जा रहा था। जैसे ही ट्रक मगहर दुर्गा मंदिर के पास पहुंचा। इस दौरान वहां शुक्रवार को आग लगने से जला प्लाइवुड लदा ट्रक पहले से ही खड़ा था। इससे गोरखपुर आ रहा ट्रक टकरा गया। इसी बीच पीछे से एक और ट्रक टकरा गया। इस हादसे में पहले से टकराए ट्रक का चालक बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग जुट गए।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया, लेकिन रास्ते में ही ट्रक चालक की मौत हो गई। चौकी इंचार्ज करुणाकर पांडेय ने बताया कि हादसे में मृत चालक की पहचान कोतवाली क्षेत्र के बड़ी सरौली निवासी इंद्रजीत पुत्र राजाराम यादव के रूप में हुई।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना से पीड़ित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। आगे बताया कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।