आचार संहिता का उल्लंघन कर प्रचार कर रहे बीडीसी प्रत्याशी समेत तीन लोगों को बुधवार की शाम धनघटा ने हिरासत में ले लिया। इसमें एक जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी के पिता और रिश्तेदार भी शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने एक जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी की चार गाड़ियां भी सीज की।
एसओ धनघटा बृजेश सिंह यादव ने बताया कि मंगलवार की शाम से ही चुनाव प्रचार बंद हो चुका है। इसके बावजूद बंडा बाजार निवासी बीडीसी प्रत्याशी महबूब गोलबंद होकर दस लोगों के साथ प्रचार प्रसार कर रहे थे।
बीडीसी प्रत्याशी महबूब को हिरासत में ले लिया गया है।
इसके अलावा औराडाड़ निवासी व वार्ड नंबर 28 से जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी कुलदीप सिंह के पक्ष में उनके पिता और एक रिश्तेदार प्रचार सामग्री लेकर वाहन में जा रहे थे।
उन दोनों को भी हिरासत में लिया गया है। एसओ ने आगे बताया कि अंतर्राष्ट्रीय नौकायन खिलाड़ी राजेश यादव के प्रत्याशी भाई रामप्रवेश यादव के पक्ष में समर्थक गोलबंद होकर बाइक से प्रचार कर रहे थे।
प्रचार में शामिल चार बाइकों को पकड़ा गया, जिसे सीज कर दिया गया। प्रत्याशी और समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की जाएगी।