क्षेत्र के रानीपुर गांव में स्थित एक मोबाइल टॉवर में रविवार की रात आग लग गई। घटना के बाद आस-पास के गांव वाले जुट गए और आग बुझाने में सहयोग किया। आग की घटना में टॉवर में लगे लाखों के सामान जल कर नष्ट हो जाने की बात बताई गई। इसके अलावा टॉवर का नेटवर्किंग सिस्टम भी ध्वस्त हो गया।
टॉवर की सुरक्षा की देखरेख करने वाले निशा औद्योगिक सुरक्षा सेवा एजेंसी के कर्मचारी बलवंत सिंह ने बताया कि रविवार की रात पौने दो बजे बिजली आने पर टॉवर में अचानक तेज आवाज होने के साथ ही आग लग गई। देखते-देखते टॉवर के शेल्टर की 24 सेल की दो सेट बैट्री, पावर प्लांट, वोडाफोन का बीटीएस जल गया। आगे बताया कि इस टॉवर से वोडाफोन के साथ ही एयरटेल और आइडिया कंपनियों का मोबाइल सिंगनल दिया जाता है। आग में वोडाफोन व एयरटेल के सामान जल जाने से संचारण बंद हो गया है, जबकि आइडिया कंपनी के सामान अलग होने से इस घटना में जलने से बच गए। आगे बताया कि मामले की जानकारी पुलिस और फायर विभाग को दी गई।
बताया कि टॉवर की सप्लाई बहाल करने के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है। कितने का नुकसान हुआ है यह स्पष्ट बता पाने में असमर्थता जाहिर की। आगे बताया कि इसका ईस्टीमेट बनने के बाद ही नुकसान की सही जानकारी हो सकेगी।आग लगने की जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए। लोगो ने आग बुझाने के लिए पानी, मिट्टी, डालना शुरू कर दिया। फायर विभाग को भी सूचना दी गई किंतु आग बुझने तक फायर की टीम नही पहुंच सकी। ग्रामीण राजमन, संतोष, शिवकुमार, राधे ने बताया कि आग इतनी भयंकर थी कि बड़ी घटना हो सकती थी। आस-पास खेतों में खड़ी गेहूं की फसल तक यदि चिंगारी पहुंच जाती तो बड़ा नुकसान हो जाता है। शुक्र है कि गांव वालों ने आग पर काबू पा लिया।