रविवार को नावन कला गांव के कब्रिस्तान की कब्र से किशोर का शव निकलवाया।
- फोटो : अमर उजाला
धनघटा पुलिस ने छह दिन बाद रविवार को नावन कला गांव के कब्रिस्तान की कब्र से किशोर का शव निकलवाया। जिलाधिकारी डॉक्टर सरोज कुमार के आदेश पर यह कार्रवाई नायब तहसीलदार की मौजूदगी में हुई।
कटया गांव निवासी जियाउलहक के अनुसार उसकी बहन की शादी बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के कर्री गांव निवासी अलीकमर के साथ हुई है। उसका 14 वर्षीय भांजा खालिद ननिहाल में ही रह रहा था। 25 जुलाई की सुबह खालिद गांव में दूध लेने जा रहा था और उसी दौरान ट्रैक्टर के चपेट में आकर घायल हो गया था। पहले लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली में ले गए। बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती देखकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
अभी घ्ार वाले उसे मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे। इसी बीच खालिद ने दम तोड़ दिया था। इसके बाद खालिद का शव नावन कला गांव के कब्रिस्तान में लाकर दफना दिया गया था। शनिवार शाम गांव के ही एक व्यक्ति के ट्रैक्टर से हादसा होने की तहरीर थाने पर दी गई।
एसओ एम पी चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। डीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार आर के पांडेय की मौजूदगी में कब्र खुदवा कर शव को बाहर निकलवा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।