दुधारा थाना क्षेत्र के रजापुर सरैया गांव स्थित सरयू नहर में रविवार की सुबह डूबने से मां-बेटी की मौत हो गई। काफी खोजबीन के बाद मां की लाश गांव के समीप मिली, वहीं बेटी की लाश दो किलोमीटर दूर कोतवाली क्षेत्र के पचपेड़वा गांव के समीप नहर के किनारे मिली। दोनो थाना क्षेत्रों की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार दुधारा थाना क्षेत्र के रजापुर सरैया गांव निवासी जगदीश की 35 वर्षीय पत्नी प्रभा देवी और उनकी बेटी पांच वर्षीय खुशी रविवार की सुबह गांव के समीप सरयू नहर कैनाल के पास गई थी। कुुछ देर बाद मां की लाश नहर में उतराते हुए गांव वालों ने देखा तो शोर मचाया। मौके पर पहुंचे गांव वालों ने शव को नहर से निकाला। सूचना पर महिला के पति जगदीश भी पहुंच गए। इसके बाद बेटी की खोज शुरू हुई। नहर के किनारे खोजते- खोजते लोग कोतवाली क्षेत्र के पचपेड़वा गांव के समीप पहुंचे तो नहर के एक पेड़ में बच्ची की लाश फंसी मिली। जिसे बाहर निकाला गया। बच्ची का शव देखते हुए जगदीश के होश उड़ गए।
किसी ने इसकी सूचना कांटे पुलिस चौकी को दे दी। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज रामभवन यादव ने शव को कब्जे में लिया। जगदीश का कहना था कि उनकी बेटी का सोमवार को मुंडन था। वह अपनी बहन को लेने के लिए उसके ससुराल गए थे। सूचना पर वे यहां पहुंचे है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी प्रभा और बेटी खुशी सुबह शौच के लिए गई थी। नहर में डूबने से उनकी मौत हुई। मां- बेटी की मौत की सूचना पर गांव में कोहराम मच गया। लोग जगदीश के घर पहुंच कर उनको सांत्वना देने में लगे रहे।