सोमवार शाम को बेलहसा बाग के निकट ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार पूर्व प्रधान की मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे ट्रक की सूचना 100 नंबर पर देने के बाद खलीलाबाद बाईपास पर ट्रैफिक पुलिस के सिपाहियों ने पकड़ लिया और बखिरा पुलिस के हवाले कर दिया।
बखिरा थाना क्षेत्र के मंझरिया निवासी पूर्व प्रधान रामजी चौधरी बखिरा कस्बे में आए थे। काम निपटाकर वे वापस साइकिल से घर जा रहे थे। अभी वह बेलहसा बाग के निकट पहुंचे ही थे कि बखिरा से खलीलाबाद की तरफ जा रहे ट्रक के ओवरटेक करते समय पिछले हिस्से की चपेट में उनकी साइकिल आई गई। जिससे वे ट्रक के नीचे आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर खलीलाबाद की तरफ भाग गया। सूचना पर पहुंचे घरवालोें ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
चौकी इंचार्ज राजकुमार पांडेय ने मौके पर जाकर शव का पंचनामा किया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। चौकी इंचार्ज ने 100 नंबर पर ट्रक के भागने की सूचना दिया। तेजी से आ रहे ट्रक को बाईपास चौराहे पर मुस्तैद ट्रैफिक सिपाही कृष्णानंद व मनीष शर्मा ने पकड़ लिया। ट्रक व ड्राइवर दोनों को बाद में बखिरा पुलिस को सौंप दिया गया। पूछताछ में ट्रक कुशीनगर जनपद का बताया गया। एसओ दिनेश यादव ने बताया कि तहरीर के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।