संतकबीरनगर। धर्मसिंहवा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया। पीड़िता की आवाज सुनकर जब तक लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी साइकिल छोड़ कर भाग निकला। घटना 14 अगस्त की है। घटना की जानकारी मिलने पर मंगलवार को एसपी, एएसपी, सीओ मौके पर पहुंच गए और घटना के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करते हुए पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजवाया।
धर्मसिंहवा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 14 वर्षीय और कक्षा आठवीं की छात्रा की मां 14 अगस्त की सुबह खेत में काम कर रही थी। छात्रा अपनी मां के लिए पानी लेकर खेत में जा रही थी। गांव के पूरब रास्ते में स्थित एक पोखरे के पास पहुंची ही थी कि उसी दौरान गांव का निवासी रवि पांडेय नामक युवक साइकिल से वहां पहुंच गया और छात्रा को जबरियां झाड़ी में खींच ले गया।
आरोप है कि उसने छात्रा संग दुष्कर्म किया। पीड़िता के शोर मचाने पर खेत में काम कर रही उसकी मां जब तक मौके पर पहुंची, आरोपी साइकिल छोड़ कर पैदल ही भाग निकला। पीड़िता ने मां को आपबीती सुनाई। मंगलवार को मामला पुलिस तक पहुंचा तो एसपी शैलेश कुमार पांडेय, एएसपी अशोक वर्मा, सीओ उत्तम सिंह, एसओ रमाशंकर रावत आदि मौके पर पहुंच गए।
एसओ ने बताया कि आरोपी रवि पांडेय के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की साइकिल भी कब्जे में ले ली गई है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।