खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के कोल्हुआ लकड़ा गांव में ट्रैक्टर खरीदने के लिए कर्ज लेने और बीमार बेटे को लेकर परेशान किसान ने मंगलवार को फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। जानकारी पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोल्हुआ लकड़ा गांव निवासी अखिलेश राय उर्फ राजू (38) पुत्र आद्या राय का शव सोमवार सुबह गांव के दक्षिण स्थित जयराम पब्लिक स्कूल के एक कमरे में फंदे से लटकता मिला। कुर्सी लेने गया स्कू ल का कर्मचारी जब कमरे में पहुंचा और उसने शोर मचाया तब लोगों को इसकी जानकारी हुई।
इसके बाद लोग वहां जुटने लगे। पिता का शव देखकर बड़ा बेटा और कक्षा सात का छात्र शशांक फफक पड़ा। गांव के लोगों के अनुसार अखिलेश गोरखपुर के जिले के कौड़ीराम में एक निजी डिग्री कॉलेज में क्लर्क के पद पर कार्य करते थे, लेकिन पिछले कई दिनों वे कॉलेज नहीं जा रहे थे।
हाल ही में उन्होंने ट्रैक्टर खरीदने के लिए कर्ज लिया था, उसके बाद से तनाव में थे। कलेक्ट्रेट चौकी इंचार्ज अवधेश पांडेय ने बताया कि फंदे से लटकती हुई अखिलेश की लाश को उतरवा कर कब्जे में लिया गया। पूछताछ में गांव के लोगों ने बताया कि अखिलेश ने बघौली स्थित पूर्वांचल बैंक से ट्रैक्टर खरीदने के लिए कर्ज लिया था। इसके अलावा कुछ समय एक बेटा बीमार पड़ गया था।
जिसके उपचार के लिए भी बैंक से कर्ज लिया था। कर्ज अदा करने को लेकर वे परेशान थे। सोमवार को ही वे बाजार से रस्सी खरीदकर लाए थे, जिससे उन्होंने आत्महत्या की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो जाएगी। ग्राम प्रधान चंद्र प्रकाश राय ने बताया कि गांव के अखिलेश राय उर्फ राजू आर्थिक कमजोरी की वजह से तनाव में थे। इसी वजह से वह आत्म हत्या कर ली।
पूर्वांचल बैक की बघौली शाखा के प्रबंधक एन पी दूबे ने बताया कि अखिलेश राय उर्फ राजू और उनके पिता आद्या राय ने संयुक्त रूप से 29 फरवरी 2016 को ट्रैक्टर के लिए साढे़ सात लाख का कर्ज लिया था। जिसमें 80 प्रतिशत जमीन पिता के नाम की और 20 प्रतिशत पुत्र अखिलेश राय उर्फ राजू के नाम से बंधक है। एक साल के बाद ही किश्त की अदायगी के लिए बैंक से प्रक्रिया शुरू होती है। इस बीच कर्ज लेने वाला अपनी क्षमता के अनुसार कर्ज की रकम का हिस्सा जमा कर सकता है।
जबकि कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि अखिलेश ने बैंक से कर्ज लेकर ट्रैक्टर खरीदा है। इसके अलावा बेटे को मस्तिष्क ज्वर की बीमारी हुई थी, जिसके इलाज में काफी रकम खर्च हुई। इस कारण वह डिप्रेशन के शिकार हो गए थे। इसी वजह से उन्होेंने आत्महत्या कर ली। शव को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।