बखिरा क्षेत्र के एक गांव में वृद्धा संग दुष्कर्म करने के बाद आरोपी युवक जेवरात लूट ले गया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सोमवार को पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म, लूट और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया। महिला आरक्षी के साथ वृद्धा को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
बखिरा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 70 वर्षीय वृद्ध महिला रविवार की शाम को गांव के सीवान में गई थी। उसी दौरान गांव का ही रहने वाला एक 28 वर्षीय सुभाष वहां पहुंच गया। युवक ने वृद्धा के साथ दुष्कर्म किया और महिला के जेवरात भी लूट ले गया। देर शाम महिला अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। घटना से गांव में तनाव कायम हो गया।
एसओ रामभवन यादव ने बताया कि वृद्धा के साथ उसी गांव के रहने वाले सुभाष पर दुष्कर्म करने का आरोप है। आरोपी महिला के पैर से पायल और कान से कील निकलवा कर ले गया। इस मामले में आरोपी सुभाष के खिलाफ दुष्कर्म,लूट और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।