धनघटा क्षेत्र के सोनाडी- हैंसर में स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक पिता-पुत्र से बृहस्पतिवार रात दबंग किस्म के लोगाें ने दुकान में घुसकर मारपीट की। इससे पिता-पुत्र घायल हो गए। शोर मचाए जाने पर जब तक चौराहे के लोग पहुंचे, तब तक हमलावर लग्जरी गाड़ी पर सवार होकर भाग निकले। पीड़ित दुकानदार ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
शुक्ला मेडिकल स्टोर सोनाडी के संचालक आदित्य शुक्ला पुत्र उमेश चंद शुक्ला का आरोप है कि गुरुवार रात करीब साढे़ आठ बजे वह अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक लग्जरी गाड़ी पर सवार होकर छह-सात लोग आए और दुकान में घुस गए।
जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक लोग उन्हें मारने पीटने लगे। शोर करने पर घर के अंदर मौजूद उनके पिता उमेश चंद शुक्ल जब पहुंचे तो उन्हें भी लोग मारना पीटना शुरू कर दिए। पीड़ित ने बताया कि शोर सुनकर अगल बगल के लोग जब तक पहुंचे, तब तक आरोपी गाड़ी पर सवार होकर भाग निकले। घटना की वजह लेन-देन के विवाद में होना बताया गया।
एसओ एम पी चतुर्वेदी ने बताया कि इस मामले में दिनेश कुमार यादव पुत्र राम प्यारे यादव निवासी सोनडीहा, मानसिंह यादव पुत्र मनिराम यादव निवासी सिरसी, राजेंद्र यादव पुत्र रामवीर यादव निवासी तकिया, कमलेश कुमार पुत्र अज्ञात निवासी प्रजापतिपुर और एक अज्ञात के विरुद्ध घर में घुसकर मारने पीटने का केस दर्ज कर लिया गया है। आगे बताया कि आरोपियों का तलाश की जा रही है।