महुली कस्बे के दक्षिण चौराहे पर मंगलवार दोपहर बाद मिनरल वाटर सप्लाई करने वाले दो व्यवसाइयों और उनके घरवालोें के बीच जमकर मारपीट हुई। करीब आधे घंटे तक चले संघर्ष में दोनोें पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। मारपीट के कारण महुली बारीडीहा मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। वहीं लोगों ने जब 100 नंबर से फोन करके पुलिस को सूचना देने की कोशिश की तो फोन ही नहीं उठा।
महुली थाना क्षेत्र के ग्राम महदेवा के रहने वाले शाह आलम और जुम्मन का पानी का व्यवसाय है। व्यवसाय को लेकर दोनों में मंगलवार को जमकर मारपीट हुई। थाने से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर हो रहे इस विवाद पर पुलिस भी मौके पर नहीं पहुंची। मारपीट में एक पक्ष से जुम्मन, परवेज, हालिया खातून और अब्दुलरहमान घायल हो गये।
वहीं दूसरे पक्ष से बब्लू, शाह आलम, डब्लू सहित चार लोगों के घायल होने की सूचना है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। एसओ महुली रमेश यादव ने बताया कि दोनों तरफ से तहरीर मिली है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।