धनघटा क्षेत्र के भैंसाखूट गांव निवासी विवाहिता की हत्या करने के आरोपी ससुर को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बाजार जाने से मना करने पर बात नहीं मानने की वजह से बहू प्रेमशीला के सिर पर डंडे से प्रहार कर दिया था। सिर में चोट लग जाने के कारण बहू की मौत हो गई थी।
एसओ ईश्वरचंद प्रधान ने बताया कि शुक्रवार को भैंसांखूट गांव निवासी भालचंद की पत्नी प्रेमशीला 30 वर्ष की परिवारिक विवाद के दौरान हुई मारपीट में मौत हो गई थी। इस मामले में विवाहिता के भाई जगदीशपुर गांव निवासी अरविंद ने बहन के ससुर लालधर समेत चार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। तभी से हत्यारोपियों की तलाश की जा रही थी। रविवार की सुबह सूचना मिली कि मुख्य आरेापी लालधर राम जानकी मार्ग पर डुहिया पुल के पास खड़ा होकर कही जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा है। एसआई खुश मुहम्मद सहयोगी सिपाही राजाराम यादव और धर्मेंद्र यादव के साथ पहुंच कर लालधर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ससुर लालधर ने बताया कि बेटा रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता था। जबकि बहू प्रेमशीला अपनी मर्जी से अक्सर मायके और बाजार आती- जाती थी। बार- बार बाजार जाने से मना किया, लेकिन वह नहीं मानी। घटना के दिन वह हैंसर बाजार गई और काफी देर बाद घर लौटी तो विलंब का कारण पूछा। जिस पर वह नाराज होकर बात विवाद करने लगी। उसी दौरान गुस्से में बहू के सिर पर उसने डंडे से प्रहार कर दिया। जिससे बाद में उसकी मौत हो गई। आगे बताया कि आरोपी लालधर को जेल भेज दिया गया। जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।