महुली क्षेत्र के ओडीएफ गांव चंदापार में सोमवार को खुले में शौच से मना करने पर एक व्यक्ति ने सफाईकर्मी की जांघ में दांत से काट लिया और पिटाई भी की। जानकारी के बाद अफसर मौके पर पहुंचे और पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
ओडीएफ गांव चंदापार डीएम के निर्देश पर निगरानी समिति का गठन किया गया है। समिति में गांव में परिषदीय विद्यालय के शिक्षक, सफाईकर्मी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम आदि हैं। ये लोग गांव के लोगों को खुले में शौच न करने के लिए प्रेरित करते हैं। निगरानी समिति के सदस्य सफाई कर्मी प्रमोद कुमार यादव का आरोप है कि सोमवार सुबह गांव निवासी चेतराम मिश्र गांव के बाहर खुले में शौच के लिए जा रहे थे।
जब उन्होंने इसके लिए मना किया तो आरोपी उन्हें मारने के लिए टूट पड़े और उनके एक पैर की जांघ में दांत से काट लिया। शोर पर पहुंचे लोगों ने बीच बचाव किया। सफाई कर्मी द्वारा डीएम को सूचना देने पर उन्होंने एसपी को कड़ी कार्रवाई करने को कहा। डीएम के निर्देश पर एसडीएम प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, डीपीआरओ रामआग्रे सिंह और एसओ महुली रमेश यादव भी चंदापार पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया।
सफाईकर्मी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने , मारपीट करने और गाली गलौज देने के आरोप में केस दर्ज किया। आरोपी चेतराम मिश्र को शांति भंग के आरोप में चालान किया गया है। एसओ रमेश यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके शांति भंग की आशंका में एसडीएम धनघटा के कोर्ट में पेेश किया गया। एसडीएम ने आरोपी को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया।