मेंहदावल बाईपास स्थित एक होटल में ठहरे एक युवक की छह जुलाई को संदिग्ध हाल में हुई मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया। पीड़ित पत्नी ने पति के ममेरे भाई समेत अन्य पर जहर देकर मारने की आशंका जताई है। एएसपी के निर्देश पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
गोरखपुर जनपद के खजनी थाना क्षेत्र के रामपुर पांडेय गांव की सृष्टि पांडेय का आरोप था कि उसके पति अरुण उर्फ सूरज पांडेय पहले कानपुर में ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते थे। एक माह पहले वे लखनऊ में ट्रांसपोर्ट का कारोबार शुरु किए थे। पांच जुलाई को वह अपने मायके बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के गुलरिया सिरमा गांव में थी। उस दिन पति दस बजे दिन में उसके पास आए थे तथा 12 बजे दिन में खलीलाबाद चले गए। जाते समय पति ने बताया था कि खलीलाबाद टीचर्स कॉलोनी मड्या निवासी प्रभाकर मिश्रा,उग्रसेन ,संजय तथा गांव के अन्य लोग उससे उधार रुपये लिए हैं, वही लेने के लिए जा रहे हैं। पति खलीलाबाद पहुंच कर अपने मामा के लड़के प्रभाकर मिश्रा से मिले।
सृष्टि का कहना कि प्रभाकर ने अपने पहचान पत्र पर उसके पति को मेंहदावल बाईपास स्थित एक होटल में ठहरा दिया। छह जुुलाई को दो बजे दिन में उसके पति अपने बहन के घर भैसा पांडेय थाना मुंडेरवा जाकर पीएनबी का एटीएम कार्ड लिए और फिर खलीलाबाद वापस चले गए। उसी होटल में पति ठहरे थे।
छह जुलाई की रात में उनकी मौत हो गई। सात जुलाई को प्रभाकर मिश्रा ने ढाई बजे दिन में सूचना दिया कि अरुण की मौत हो गई है। पत्नी ने आशंका जाहिर किया कि उक्त लोगों ने मिल कर उसके पति को जहर देकर मार डाला।
उसके पति का मोबाइल, एटीएम कार्ड और रुपये सब गायब कर दिया गया है। कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि होटल में अरुण का शव मिला था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया तो मौत का कारण अस्पष्ट है। जांच के लिए बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। अरूण की पत्नी की तहरीर पर प्रभाकर मिश्रा समेत तीन पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। बिसरा रिपोर्ट और विवेचना से जुटाए गए साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।