धनघटा। महुली पुलिस ने शनिवार को हरिहरपुर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष के पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मारपीट, लूट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। नगर पंचायत हरिहरपुर के वार्ड नंबर एक अंबेडकर नगर निवासी जसराज पुत्र संतू का आरोप है कि 15 नवंबर की शाम साढ़े सात बजे वह अपने मोहल्ले के चौराहे से घर जा रहा थे।
जैसे ही गैस गोदाम के पास पहुंचे, वहां मौजूद महंथ वर्मा पुत्र आदित्य, दीपक चौधरी पुत्र मेवालाल, महेश गोस्वामी पुत्र रामकरन, अमित पांडेय पुत्र राजेंद्र तथा निवर्तमान चेयरमैन पति जयराम माझी ने गाली गलौज शुरू कर दी। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए खास प्रत्याशी का प्रचार नहीं करने की हिदायत दी। मना करने पर उन्हें मारने-पीटने लगे।
जेब से 215 रुपये निकालने का भी आरोप लगाया। आरोपियों ने जानमाल की धमकी देते हुए चुनाव प्रचार से दूर हटने की चेतावनी दी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट, लूट और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर एसपी गौतम ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।