संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा से गांव के ही एक युवक ने छेड़खानी की। बुधवार को पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ छेड़खानी, धमकी और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया। पीड़ित पिता का आरोप है कि वह अनुसूचित जाति की है। उसकी 20 वर्षीय बेटी बीए तृतीय वर्ष में पढ़ती है।
आरोप है कि गांव का ही रहने वाला नुरुलहसन नामक युवक काफी मनबढ़ है। आए दिन कॉलेज जाते वक्त बेटी को रास्ते में छेड़ता रहता है। 15 अक्टूबर को शाम साढे़ पांच बजे के करीब बेटी गांव से पूरब दिशा की तरफ गई थी,जहां आरोपी युवक पहुंच गया और बेटी के साथ छेड़खानी की। बेटी के विरोध पर आरोपी वहां से चला गया, लेकिन बाद में उसके घर पहुंच कर बेटी, पत्नी और बेटे को गाली गलौज दी।
आरोप है कि आरोपी ने धमकी दी कि बेटी को अगली बार नहीं छोड़ेगा। तभी गांव के तमाम लोग पहुंच गए तब जाकर आरोपी उसके घर से भाग निकला। आरोपी कई बार बेटी के साथ गलत हरकत कर चुका है। आरोपी को कई बार समझाया गया लेकिन वह अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहा है। कोतवाल वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी नुरुल हसन के खिलाफ छेड़खानी, गाली गलौज, धमकी और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।