मेंहदावल बाईपास पर शुक्रवार को एक व्यापारी को झांसा देकर रकम का थैला उचक्का ले उड़ा। व्यापारी के अनुसार थैले में ढाई लाख रुपये थे। वारदात की सूचना पर एएसपी और कोतवाल मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।
शहर के भिटवा मोहल्ला निवासी सचिन कुमार गुप्ता की यूनियन बैंक के पास रेडीमेड कपड़े की दुकान है। वे यहां से शुुक्रवार को थैले में ढाई लाख रुपये लेकर खरीदारी के लिए गोरखपुर के लिए निकले। टेंपो से वे दोपहर करीब 12 बजे मेंहदावल बाईपास पर उतरे। यहां एक शख्स ने कहा कि आपकी शर्ट के पीछे कुछ लगा है। इस पर उन्होंने घर से दूसरी शर्ट मंगाकर पहनी। कुछ देर बाद बस स्टैंड पर वे बस का इंतजार करने लगे। तभी एक अन्य व्यक्ति ने शर्ट में कुछ लगा होने की बात कही। इस पर वह थैला पान की दुकान में रखकर कुछ दूर जाकर शर्ट साफ करने लगे।
तभी वहां खड़े एक शख्स ने पास में 100 रुपये का नोट दिखाते हुए रुपया गिरा होने की बात कही। नोट उठाकर पान वाले को देने के बाद उन्होंने शर्ट पहना और जैसे ही थैला उठाने पहुंचे तो रकम का थैला गायब था। खबर पर एएसपी अशोक वर्मा और कोतवाल कमला यादव, टीएसआई राजेंद्र यादव आदि पहुंचे। पूछताछ के बाद मेंहदावल बाईपास पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला और व्यापारी सचिन गुप्ता को तस्वीरें दिखाईं गईं, मगर कोई सुराग नहीं मिल पाया।
वारदात की सूचना पर विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय भी चौबे व्यापारी की दुकान पर पहुंचे। विधायक ने कोतवाल से इस मामले में कार्रवाई करने की बात कही। कोतवाल ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ जालसाजी और चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।