स्वाट और बखिरा पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को बौरब्यास पुलिया के पास से लंबे समय से फरार चल रहे गैंगस्टर एक्ट के ईनामी बदमाश योगेंद्र सिंह को पुलिस ने मय तमंचा गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मिली बाइक को भी कागजात के अभाव में पुलिस ने सीज कर दिया गया।
प्रभारी एसपी अशोक कुमार वर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि एसओ बखिरा रामभवन यादव और स्वाट टीम के प्रभारी राजकुमार यादव अपने सहयोगियों के साथ रविवार को क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। तभी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करके बौरब्यास पुलिया के पास से एक बाइक सवार बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान योगेंद्र सिंह उर्फ गोलू सिंह निवासी सिंहटीकर थाना बखिरा के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा व कारतूस मिला।
बाइक का कागजात नहीं दिखा पाने की वजह से सीज कर दिया गया। पकड़ा गया बदमाश शातिर लुटेरा है। इसके खिलाफ सहजनवां, बखिरा, महुली में लूट,गैंगस्टर एक्ट के केस दर्ज हैं। वर्ष 2016 में बखिरा थाने में इसके अलावा गैंग के तीन सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज था। गैंग के सरगना समेत दो साथी तो जेल भेज दिए गए थे, लेकिन यह काफी समय से फरार चल रहा था। 28 अप्रैल को नवागत एसपी हेमराज मीणा ने इसकी गिरफ्तारी के लिए 2,500 रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर आस-पास के जनपदों में लूट की वारदात करता रहता है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट का भी केस दर्ज किया गया।