नगर निकाय चुनाव को लेकर हरिहरपुर मे झंडा बैनर व पोस्टर उतरवाते अधिकारी इस दौरान हुई नोकझोंक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
धनघटा। नगर पंचायत हरिहरपुर में बुधवार को बगैर अनुमति निकाले गए भाजपा प्रत्याशी के बाइक जुलूस को उड़न दस्ता टीम प्रभारी ने रोक दिया। प्रचार वाहनों लगाए गए लाउडस्पीकर को भी उतरवा दिया। इसको लेकर कार्यकर्ताओं और उड़नदस्ता टीम के अधिकारियों के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई।
नगर पंचायत हरिहरपुर में बुधवार को पार्टी नेता और पूर्व ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख दिगपाल पाल ने हरी झंडी दिखाकर पार्टी प्रत्याशी बनवारी लाल के समर्थन में बाइक जुलूस को रवाना किया। उसी बीच उड़नदस्ता टीम प्रभारी एवं नायब तहसीलदार दीपक कुमार गुप्ता मौके पर पहुंच गए।
उड़न दस्ता टीम प्रभारी ने बिना अनुमति के निकले जुलूस को रोक दिया। जुलूस में शामिल कार्यकर्ताओं में भगदड़ मच गई। पार्टी के चुनाव कार्यालय के सामने खड़ी लाउडस्पीकर लगे प्रचार वाहन से लाउडस्पीकर को भी उतरवा दिया। इसको लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से नायब तहसीलदार की तीखी नोकझोंक हुई।
उसी बीच एसडीएम उमेशचंद निगम और इंस्पेक्टर एसपी गौतम भी पहुंच गए। भाजपा प्रत्याशी का पोस्टर ले जा रहे कार्यकर्ता को रोक कर अधिकारियों ने पोस्टर का बंडल जब्त कर लिया। नायब तहसीलदार दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि अनुमति नहीं होने से बाइक जुलूस को रोका गया और प्रचार वाहन से लाउडस्पीकर उतरवा दिया गया।
इस मामले में पुलिस को तहरीर भी दी जाएगी। एसडीएम उमेशचंद्र निगम ने बताया कि किसी को भी बिना अनुमति के लाउडस्पीकर लगाने, जुलूस निकालने और बिना भवन स्वामी की अनुमति के दीवारों पर पोस्टर लगाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।