राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को सरैया बाईपास के निकट एक अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार दंपति को टक्कर मार दिया। इससे साइकिल पर पीछे बैठी पत्नी की मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर जुटी भीड़ ने एंबुलेंस से घायल पति को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने घायल पति का प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के छांछापार गांव निवासी 45 वर्षीय बाबूलाल शर्मा के भतीजे की रविवार को गोरखपुर जिले में बारात जानी थी। बाबूलाल अपनी पत्नी सुशीला के साथ साइकिल से खलीलाबाद सामान खरीदने जा रहे थे। दंपति राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरैया बाईपास के निकट पहुंचे ही थे। उसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने दंपति को टक्कर मार दिया। इसमें दंपति बुरी तरह से घायल हो गए। घटना के बाद आस-पास के लोग जुट गए। लोगों ने एंबुलेंस से घायल दंपति को जिला अस्पताल भेजवाया, जहां देखते ही डॉक्टरों ने सुशीला को मृत घोषित कर दिया। जबकि प्राथमिक उपचार के बाद बाबूलाल शर्मा की हालत नाजुक बताते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इधर घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने नवीन मंडी में खड़ी की गई एक लग्जरी गाड़ी को कब्जे में लिया। कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। पीड़ित परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मातम में डूब गई शादी की खुशियां
हादसे में पत्नी की मौत और पति के घायल होने की खबर मिलते ही छांछापार गांव में मातम का माहौल कायम हो गया। पीड़ित के घर शादी की चल रही तैयारी की खुशियों में विघ्न पड़ गया। घटना से पीड़ित परिजन दहल गए और नाते रिश्तेदारों की भी आंखें नम हो गई। हर किसी की जुबान पर सिर्फ यहीं था कि जेठ के बेटे की बारात जाने से पहले ही सुशीला की हुई मौत ने सभी को झकझोर दिया।
छांछापार गांव निवासी बाबूलाल शर्मा के बड़े भाई रज्जन शर्मा के बेटे अजीत की रविवार को शादी होनी है। गोरखपुर के ढोढया में उसकी बारात जाने की तैयारियां घर पर चल रही थी। इधर सामान खरीदने के लिए खलीलाबाद जाते समय बाबू लाल हादसे में घायल हो गए और उनकी पत्नी सुशीला की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल हुए बाबूलाल मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे है। पोस्टमार्टम हाउस पर आए रज्जन शर्मा और उनके परिवार के लोग बदहवाश थे। बेटी की शादी की तैयारियां मातम में डूब गई। हर किसी के चेहरे गमगीन थे। मां की मौत पर सुशीला की तीनो बेटिया और इकलौता बेटा बिलख रहा था। लोग यहीं बता रहे थे कि सुशीला की दो बेटियों की शादी हो गई है। एक बेटा और एक बेटी अभी छोटे है। गांव और रिश्तेदारी के लोग घटना से हतप्रभ थे। सभी यहीं कह रहे थे कि घर में चल रही बारात जाने की तैयारियां मातम में बदल गई।