झूठी सूचना देने में ग्राम प्रधान गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
लोहरौली। दुधारा क्षेत्र के गांव बिगरा अव्वल (बहोरवा) में बृहस्पतिवार दो पक्षों में विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ग्राम प्रधान पर झूठी सूचना देने और गांव का सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास करने के आरोप में केस दर्ज किया। देर शाम प्रधान को जेल भेजा गया।
ग्राम प्रधान मोहन ने दुधारा पुलिस को सूचना दी कि मंदिर के बगल में पोखरा पर हनुमान और दुर्गाजी की मूर्ति रखी जा रही है। इससे मौके पर विवाद हो सकता है। दुधारा एसओ आरके गौतम के अनुसार प्रधान की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां कोई विवाद नहीं था। केवल ग्राम प्रधान मोहन के पक्ष के कुछ लोग मौजूद थे। इससे पहले 11 फरवरी को भी ग्राम प्रधान मोहन के समर्थकों ने मंदिर की जमीन पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू करवा दिया था। एसओ ने बताया कि प्रधान पर शांति भंग की आशंका में केस दर्ज किया गया है। प्रधान की जमानत के लिए एसडीएम कोर्ट में अर्जी पड़ी थी, जो खारिज हो गई है। इसके बाद प्रधान को जेल भेज दिया गया।