पौधनघटा। महुली क्षेत्र के मुडियारी गांव निवासी एक महिला ने डीएम- एसपी और डीजीपी को पत्र भेजकर महुली पुलिस व स्वाट टीम बताकर आए कुछ लोगों पर अपनी पौत्र वधू को महुली थाने ले जाने का आरोप लगाया है।
मुडियारी गांव निवासी दुलारी देवी पत्नी रामउग्रह यादव ने अफसरों को भेजे अपने पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी पौत्र वधू जयंत्री देवी पत्नी प्रमोद कुमार को 16 अक्टूबर की रात्रि 3:30 बजे बिना कारण बताए अपने को स्वाट टीम और महुली पुलिस बताकर थाने ले जाने की बात कहते हुए पकड़कर ले गए। इस दौरान कोई महिला पुलिस मौजूद नहीं थी। पूछने पर बताए कि पूछताछ के लिए ले जा रहे है। कुछ देर बाद छोड़ दिया जाएगा। उनका आरोप है कि पौत्र वधू को थाने ले जाकर बिना महिला पुलिस के मारापीटा गया। दुलारी देवी ने आशंका व्यक्त की है कि उनकी पौत्र वधू को फर्जी तौर पर किसी संगीन जुर्म में फंसा दिया जाएगा। पौत्र वधू के साथ एक नवजात बच्चा भी है।