हैंसर। शुक्रवार के देर शाम घोरांग गांव में विवाद की सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज टाड़ा को मनबढ़ों ने मारपीट कर घायल कर दिया। दरोगा ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया।
चौकी इंचार्ज टाड़ा रणविजय सिंह के मुताबिक घोरांग गांव निवासी कनकलता नाम की महिला ने मारने-पीटने की सूचना दी। वे मौके पर पहुंचे तो उसके साथ मारपीटकर रहे युवकों ने हमला कर दिया। दरोगा ने गांव में भागकर अपना बचाव किया। बाद में आरोपी भाग निकले।
चौकी इंचार्ज का कहना है कि कनकलता को बाइक से भी कुचलने का प्रयास किया गया था। उस बाइक को लेकर वे चौकी पर आ गए। बाद में बाइक मालिक दो अन्य लोगों के साथ पुलिस चौकी पर पहुंचा और पुलिस कर्मियों से अभद्रता की। मामला बढ़ता देख थाने पर सूचना दी गई।
चौकी इंचार्ज की तहरीर पर धनघटा पुलिस ने डड़वा गांव निवासी गोरख यादव व घोरांग गांव निवासी बिट्टू समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रभारी एसओ दयानाथ ने बताया कि केस दर्ज करके आरोपी गोरख यादव व बिट्टू को गिरप्तार कर जेल भेज दिया गया है।