रगड़गंज। पटहेरवा क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग के टोला कटहरी बाग के वृद्ध की करंट की चपेट से मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिजन सकते में आ गए। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। गांव के लोगों ने बताया कि 65 वर्षीय गरीब प्रसाद शनिवार सुबह घर के समीप पेड़ पर चढ़कर उसकी डाली काट रहे थे। पेड़ से सट कर बिजली का तार गुजरा है।
पहले पेड़ की डाली काटने पर तार पर गिर गया और वह स्पार्किंग होने पर नीचे उतर गए। बाद में बिजली चली गई। थोडे़ समय बाद बिजली नहीं होने की वजह से पुन: पेड़ की डाली काटने लगे। उसी दौरान सप्लाई आ गई। तार पर लटके पेड़ की डाली हटाने के दौरान करंट की चपेट में आ गए। लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया, लेकिन मौके पर उनकी मौत हो गई। सूचना पर समउर चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हादसे में महिला की मौत
कोटवा बाजार। नेबुआ-नौरंगिया क्षेत्र के घुघली- कोटवा मार्ग पर विंदवलिया पक्की कोट के पास शनिवार की देर शाम गन्ना लदे ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आस-पास के लोग जुट गए। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
महराजगंज जनपद के थाना पनियरा के गांव गिरगिटिया निवासी 25 वर्षीय चंद्रावती पत्नी जितेंद्र अपने ससुराल से पति के साथ बाइक से अपने मायके नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के सागर गोसाई गांव निवासी भाई चंद्रशेखर की शादी में शामिल होने जा रही थी। घुघली कोटवा मार्ग पर कोट स्थान के समीप घुघली की तरफ से गुजरी गन्ना लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति बाल- बाल बच गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की जा रही है।