मुठहीखुर्द स्थित विद्यालय मे हंगामा करते गांव के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
रोसया बाजार। विकास खंड पौली के ग्राम पंचायत मुठही खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में बृहस्पतिवार को सोशल ऑडिट टीम ने को-ऑर्र्डिनेटर देवेंद्र पांडेय के नेतृत्व में वित्तीय वर्ष 2017-18 में बने प्रधानमंत्री आवास व मनरेगा से हुए विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कई बार हंगामा की स्थित पैदा हुई। मनरेगा मजदूरों ने भुगतान नहीं मिलने पर हंगामा किया। इस ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत छह परियोजनाओं के कार्यों का विवरण रजिस्टर पर अंकित पाया गया। ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए कार्यों में 60 और 40 का रेशियो मैंटेन नहीं था। केवल मिट्टी कार्य ही कराए गए हैं। ग्राम पंचायत में पंजीकृत कुल 356 जॉबकार्ड धारकों के सापेक्ष 229 मजदूरों को कार्य दिया गया है। मजदूरों की मजदूरी अभी तक नही मिली है। जिसका गोपी, परशुराम, घरभरन, रामकेशर, हरीराम, बंसीलाल, सुभावती, रामकुमार, राममूरत, रामअचल, कुसहर आदि ने विरोध कर मजदूरी दिलाए जाने की मांग की।
तिलकधारी के खेत में मेड़बंदी का कार्य कराया गया है जिसमें 18200 रूपये भुगतान हुआ है। शेष परियोजनाओं का भुगतान नहीं हुआ। इस ग्राम पंचायत में कुल 15 आवास मिले थे जिसमें राममिलन और बसंत का दो आवास अपूर्ण है, जबकि पैसा निकल गया है। कार्य स्थल पर कार्य का साइन बोर्ड नहीं लगा था। किसी भी लाभार्थी के आवास की सफाई व नाम पट्टिका नहीं मिली।
मूड़ाडीहा, मदूमपुर व मझौरा में भी हुई ऑडिट
ग्राम पंचायत मुड़ाडीहा में को-ऑर्डिनेटर इंद्रमणि तिवारी ने अपने टीम के साथ अभिलेखों की ऑडिट की। साथ ही ग्राम पंचायत में कराए गए कार्यों का निरीक्षण किया। इसके अलावा ऑडिट टीम ने ग्राम पंचायत मदूमपुर में भी ऑडिट का कार्य पूर्ण किया। ग्राम पंचायत मझौरा में ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर ग्रीस यादव ने ग्राम पंचायत के अभिलेखों का निरीक्षण किया। इस मौके पर सोशल आडिट टीम के सदस्य, ग्राम प्रधान धनंजय पाडेय, प्रदीप पांडेय, नित्यानंद यादव और संतराम शर्मा आदि मौजूद थे।