बखिरा। दस दिन के भीतर बखिरा क्षेत्र में दो महिलाओं से लूट की वारदात हुई। दोनों का तरीका एक जैसा रहा। वैसे एक लूट की वारदात का पर्दाफाश दुधारा में पकड़े गए बदमाशों से हो चुकी है, जबकि दूसरी वारदात में सीसीटीवी में बदमाश के दिखने के बाद भी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। ताबड़तोड़ हो रही लूट से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहा है।
इन दिनों बखिरा क्षेत्र में बाइक सवार महिलाओं से पर्स लूटने की वारदातें बढ़ रही हैं। दस दिन के भीतर बाइक सवार महिलाओं के साथ लगातार दो वारदातें हो चुकी हैं। इससे महिलाओं के भीतर बाइक से सफर करने में दहशत का माहौल है। महिलाएं बाइक सफर को असुरक्षित बता रही हैं। पर्स लूटने वाले गैंग के सक्रिय होने व पुलिस की क्षेत्र में अनवरत गश्त करने पर ही सवाल खड़ा हो गया है। दस दिन के भीतर बाइक सवार महिलाओं से एक ही तरीके से पर्स लूटने की दो घटनाओं से लोगों में भय पसरा हुआ है।
पहली लूट की घटना 26 मई को छपिया दोयम के पास हुई। छड़ना निवासी इंद्रेश चौधरी अपनी भाभी अनुराधा को बाइक से लेकर गोल्हौरा (सिद्धार्थनगर) जा रहे थे। उसी दौरान बदमाश पीछा करके छपिया दोयम के पास अनुराधा चौधरी का पर्स छीनकर भाग गए थे। पर्स में जेवरात व दस हजार नकदी था। दूसरी लूट की घटना चार जून को हुई। मौसा रामकेश यादव के साथ बाइक से बैठकर संगम यादव अपने मायके मेंहदूपार जा रही थी। बखिरा क्षेत्र के खजुरी नहर के निकट अज्ञात बाइक सवार बदमाश संगम यादव से पर्स लूट कर भाग गया। पर्स में जेवरात व पंद्रह हजार रुपये थे। बाद में पीड़ित ने थाने पर पहुंच कर पुलिस को घटना से अवगत कराया था।
पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर कर सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। फुटेज में बदमाश बाइक से जाते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन अभी तक बदमाश पकड़ में नहीं आए हैं। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बदमाश को पुलिस चिह्नित करने में जुटी है। जल्द ही बदमाश पकड़ लिए जाएंगे।