संतकबीरनगर। आठ साल पहले गोवा में चचेरे भाई- बहन का प्यार परवान चढ़ा। दोनों की नजदीकियां इस कदर बढ़ीं कि पति-पत्नी के रूप में रहने लगे। प्रेमिका ने शादी का दबाव बनाया तो प्रेमी मुकर गया। प्रेमिका ने सोमवार को एएसपी से फरियाद की। प्रेमी से शादी कराने की मांग की और न करने पर कार्रवाई की मांग की।
बखिरा क्षेत्र की रहने वाली 29 वर्षीय युवती का आरोप है कि आठ साल से गोवा में उसका चचेरे भाई से प्यार हो गया। बीच- बीच में वह गांव आती-जाती रही। करीब डेढ़ साल से दोनों गोवा में पति-पत्नी के रूप में रहे। आरोप है कि प्रेमी ने शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। शादी की बात करने पर प्रेमी गांव में जाकर विवाह करने का वादा करता रहा। अब शादी की बात करने पर मुकर गया। उसके पिता की मौत हो चुकी है। उसकी मां और छोटा भाई घर पर रहते हैं।
इस प्रकरण को लेकर गांव में पंचायत भी हुई। पंचायत में लोग भाई- बहन होने का हवाला देकर शादी नहीं करने की बात कर रहे हैं। उसकी इज्जत लुट चुकी है और अब वह कहां जाएगी। उसके साथ चचेरे भाई ने प्रेम का जाल फैला कर उसकी जिंदगी तबाह कर दी। थाने जाने पर पुलिस भी नहीं सुन रही है। अब वह किसने अपनी पीड़ा सुनाए।
यह बताते हुए पीड़िता फफक पड़ी। पीड़िता एएसपी से बार- बार प्रेमी से शादी कराने की रट लगा रही थी। शादी नहीं करने पर प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एएसपी संतोष सिंह ने बताया कि युवती ने अपने चचेरे भाई पर गोवा में प्रेम संबंध बनाकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। इस मामले में जांच करा कर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया है।