संतकबीरनगर। बखिरा क्षेत्र के नरायनपुर गांव निवासी एक युवक को बेलहर क्षेत्र के लालाजोत गांव में मंगलवार की रात रंजिश में कुछ लोगों ने पेड़ से बांध कर पिटाई की। इतना ही नहीं युवक के चेहरे और शरीर में कालिख पोत दी। इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दी। इस मामले में बुधवार को बेलहर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
बखिरा क्षेत्र के नरायनपुर निवासी शैलेंद्र कुमार पुत्र रामनयन का आरोप है कि उसका अक्सर गांव के बगल बेलहर क्षेत्र लालाजोत गांव में आना-जाना रहता है। आरोप है कि कुलदीप यादव, मुलायम यादव उसे रास्ते में आने जाने से रोका करते थे तथा धमकी देते हुए रंजिश रखते थे। मंगलवार की रात्रि लगभग ग्यारह बजे वह अपने भाई मनोज की खोजबीन में उसी रास्ते से जा रहा था। लालाजोत चौराहे पर पानी की टंकी पर खड़ा था, तभी कुलदीप व मुलायम भी आ गए।
आरोप है कि ये लोग उसे जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने लगे। विरोध पर लोग उसे मारने पीटने लगे तथा धमकी देने लगे कि इसके बाद यादव टोले की तरफ आया तो जान से मार देंगे। आरोप है कि मारने- पीटने के बाद उसे नंगा करके पेड़ से बांध दिया और मुंह व पूरे शरीर में काला मोबिल लगाकर वीडियो बनाया। इसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। शोर मचाने पर उसके घर के और सदस्य आए तो उन्हें भी मारने- पीटने लगे। इसकी शिकायत बेलहर थाने पर की।
एसओ राम आशीष यादव ने बताया कि दोनों में किसी बात को लेकर रंजिश है। उसी की वजह से यह घटना हुई। इस मामले में दोनों आरोपियों को बंधक बनाकर मारने-पीटने, अपमानित करने और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। सीओ अंबरीष भदौरिया ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। विवेचना से घटना की सही वजह का पता चल जाएगा। इसमें जो तथ्य सामने आएंगे, आगे उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।