संतकबीरनगर। दो दिन पूर्व कोतवाली क्षेत्र की किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को मेंहदावल बाईपास से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी को पुलिस कोतवाली ले गई और पूछताछ की।
कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि पीड़ित मां ने आरोप लगाया कि बुधवार की रात आठ बजे उसकी 15 वर्षीय बेटी नित्य क्रिया के लिए अकेली बाहर गई थी। रास्ते में आरोपी युवक घात लगाकर बैठा था। आरोप है कि युवक ने उसकी बेटी को पकड़ लिया और मुंह बांध कर बगीचे में उठा ले गया। आरोप है कि युवक ने उसकी बेटी से दुष्कर्म किया और चार घंटे तक रोके रखा। जब बेटी काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो भाई और तीन अन्य लोग किशोरी की तलाश में जुट गए। बगीचे में रोती- बिलखती हाल में किशोरी मिली।
आरोप है कि युवक अपशब्द कहते हुए धमकी देकर भाग गया। पीड़ित मां की तहरीर पर युवक के खिलाफ बृहस्पतिवार को केस दर्ज किया गया। सूचना के आधार पर शुक्रवार को मेंहदावल बाईपास से आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में युवक ने बताया कि किशोरी से उसका प्रेम संबंध था। किशोरी के परिजनों ने दोनों को एक साथ देख लिया और केस दर्ज करा दिया। पकड़े गए आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया। जबकि पीड़िता किशोरी को महिला आरक्षी के साथ मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।