मेंहदावल। बृहस्पतिवार को मेंहदावल नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में सभासद नहीं आए। बाद में सभासदों ने बोर्ड की बैठक का बहिष्कार करने की जानकारी दी। नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि ने सभासदों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। ऐसे में कोरम के अभाव में बैठक स्थगित कर दी गई।
सभासद संघ के अध्यक्ष अब्दुल मन्नान के नेतृत्व में कुछ दिन पूर्व सभासदों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर नगर पंचायत बोर्ड की बैठक न कराने की शिकायत दर्ज कराई थी। जब नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी निषाद ने बृहस्पतिवार को बोर्ड की बैठक बुलाई तो सभासद बोर्ड की बैठक में नहीं पहुंचे। बाद में सभासदों ने बोर्ड बैठक के बहिष्कार की बात कहीं। बैठक में सभासदों के न पहुंचने तथा डाक बंगले के समीप सभासदों की मौजूदगी की सूचना पर अध्यक्ष के प्रतिनिधि रमेश निषाद ने सभासदों से वार्ता कर बैठक में लाने का प्रयास किया। लेकिन, सभासदों ने एक सभासद के पति की तबीयत खराब होने तथा गोरखपुर स्थित एक अस्पताल में भर्ती होने का हवाला देकर बैठक में शामिल होने से इन्कार कर दिया। इसके कारण नगर पंचायत बोर्ड की बैठक स्थगित कर दी गई।
इंसेट
आज आयोजित नगर पंचायत बोर्ड की बैठक का सभी सभासदों ने बहिष्कार किया है। पितृपक्ष के बाद बोर्ड की बैठक बुलाने का बात सभासदों ने की है। -अब्दुल मन्नान, अध्यक्ष सभासद संघ