संतकबीरनगर। जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना से पीड़ित तीन महिलाएं संक्रमित मिली हैं। जिले में अब तक 88 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 84 संक्रमित स्वस्थ भी हो चुके हैं। स्वास्थ्य महकमा लोगों को मास्क लगाने व सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील कर रहा है। इसके बावजूद लोग अस्पताल व सड़कों पर बिना मास्क के निकल रहे हैं।
जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुबारक अली ने बताया कि मेंहदावल निवासी 25 वर्षीय महिला को दिक्कत हुई तो उन्होंने सीएचसी मेंहदावल में जांच कराई। जहां उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसी तरह से खलीलाबाद ब्लॉक के 21 वर्षीय और 23 वर्षीय महिला ने जिला अस्पताल में कोरोना की जांच कराई तो दोनों संक्रमित मिलीं। इसकी सूचना आने पर उनके परिजनों का एंटीजन जांच कराया गया, लेकिन कोई भी संक्रमित नहीं मिला।
आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लेकर लैब भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 88 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 84 स्वस्थ भी हो चुके हैं। बृहस्पतिवार को 250 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। लोग मास्क जरूर लगाएं और सामाजिक दूरी का पालन करें। ताकि कोरोना संक्रमण से बचा जा सके।
इधर जिले में कोरोना के बढ़ते मामले के बाद भी लोग बिना मास्क के जिला अस्पताल पहुंच जा रहे हैं, लेकिन चिकित्सक उन्हें मास्क लगाने की सलाह दे रहे हैं।