संविदा विद्युत कर्मियों ने निकाला कैंडल मार्च
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन निविदा/ संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले बुधवार की देर शाम कर्मियों ने कैंडल मार्च निकाला। संघ के महामंत्री ओम हरी सिंह ने कहा कि बिजली निगम में ठेकेदारी व्यवस्था समाप्त कर मस्टरोल व्यवस्था के तहत कर्मचारियों की तैनाती कर कार्य कराने, समान कार्य का समान वेतन देने या वेतन रुपये 18000 निर्धारित करने, आउटसोर्स कर्मचारियों के दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, ईपीएफ व ईएसआई में हुए घोटाले की जांच कराने सहित अन्य मांगों के समर्थन में कैंडल जुलूस निकाला गया है। जो अधीक्षण अभियंता कार्यालय से निकलकर मेंहदावल चौराहे तक गया। उन्होंने बताया कि उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो यह आंदोलन और वृहद किया जाएगा। इस दौरान काफी संख्या में संविदा विद्युत कर्मी मौजूद रहे।