संतकबीरनगर। विद्युत निगम के सुधार के दावे के बाद भी शहर में लोकल फाल्ट की समस्या बनी हुई है। इससे उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसको लेकर उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है।
जिला मुख्यालय को 24 घंटे बिजली आपूर्ति का निर्देश है, लेकिन किसी भी दिन उपभोक्ताओं को निर्धारित बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। कारण यह है कि बिजली के तार जर्जर हो गए हैं, जिससे लोकल फाल्ट की समस्या बनी हुई है। शहर में मैलानी, पटखौली, नेदुला, तितौवा, बड़गो, डीघा सहित विभिन्न मोहल्लों में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। निगम का दावा है कि जहां पर लोकल फाल्ट की समस्या आ रही है वहां तत्काल ठीक कराया जा रहा है, लेकिन रात्रि के समय में बिजली गुल होने पर उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में रात गुजारनी पड़ती है। शहर के निवासी चंदन प्रसाद, राहुल आदि ने कहा कि जर्जर तारों के कारण लोकल फाल्ट की समस्या आ रही है। ऐसे में जर्जर तारों को बदले जाने की जरूरत है। इस संबंध में अधिशाषी अभियंता रणधीर कुमार ने कहा कि जर्जर तारों व पोल को बदलने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। जल्द ही लोकल फाल्ट की समस्या से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।