धनघटा। उपायुक्त मनरेगा बृजमोहन ने नाथनगर ब्लॉक के मोलनापुर में बने अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। इसके निर्माण की गुणवत्ता और खूबसूरती की सराहना की। साथ ही सरोवर के किनारे पौधरोपण कराने के साथ ही बेंच और प्रकाश व्यवस्था के इंतजाम करने के भी निर्देश दिए। पत्रावलियों में मिली तकनीकी कमियों को दूर करने का भी निर्देश दिया।
मनरेगा उपायुक्त ने सरोवर के किनारे बनी बाउंड्रीवाल में लगे छोटे- छोटे गेट को देखकर नाराजगी जताई। प्रधान राजन सिंह ने बताया कि तालाब के किनारे बसे ग्रामीणों को घर तक पहुंचने का कोई रास्ता नहीं था। इसलिए सरोवर के इंटरलॉकिंग मार्ग से उनके आवागमन की सुविधा के लिए छोटे- छोटे गेट लगाए गए हैं। सरोवर की 320 मीटर बाउंड्रीवाल में अभी भी 80 मीटर बाउंड्रीवाल का निर्माण होना बाकी है।
उपायुक्त ने उसे जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। परियोजना की पत्रावलियों में मिली तकनीकी कमियों पर जिम्मेदार अधिकारियों को संजीदगी दिखाने का निर्देश दिया।
इस दौरान बीडीओ अमरेश सिंह चौहान, हैंसर बीडीओ महावीर सिंह, ग्राम प्रधान राजन सिंह, एपीओ मेराजुल हक, ब्लॉक टीए संजय पांडेय, सचिव मंजूषा देवी, टीए फूलचंद यादव, विजय कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद