संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। इसके लिए जहां भुवरिया से पायलपार तक रिंग रोड का निर्माण कार्य चल रहा है तो मंझरिया से चकदही तक रिंग रोड बनाने का भी प्रस्ताव है। करीब दो साल पूर्व इस पर सर्वे हुआ था। इस रिंग रोड के बनने से काफी हद तक शहरवासियों को राहत मिल सकती है।
खलीलाबाद से गोरखपुर मार्ग पर मंझरिया से गड़सरपार, बनटकवा होकर सड़क गई है। इस मार्ग को रिंग रोड के रूप में परिवर्तित करने के लिए करीब दो साल पहले योजना बनी थी। इसके तहत मंझरिया से होकर चकदही तक रिंग रोड बनाया जाना प्रस्तावित है। चकदही में बाईपास बनाने का भी प्रस्ताव बना था, लेकिन अभी तक इस योजना पर भी अमल नहीं हो पाया है। जिसके कारण गोरखपुर से धनघटा-आंबेडकर जाने वाले बड़े वाहन खलीलाबाद शहर से होकर ही गुजर रहे हैं। इससे शहर में जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
इस बीच पिछले दिनों डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बैठक कर लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर शहर के चारों तरफ रिंग रोड बनाने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। जिससे एक बार फिर यह उम्मीद जग गई है कि मंझरिया-चकदही रिंग रोड योजना में शामिल होगा।
सेफ सिटी के तहत शहर के चारों तरफ रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंझरिया से चकदही रिंग रोड को लेकर भी संभावना तलाशी जा रही है। जल्द ही इसके लिए कदम उठाए जाएंगे।
महेंद्र सिंह तंवर-डीएम