- एडीएम की अध्यक्षता में बाढ़ स्टीयरिंग कमेटी की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर एडीएम जय प्रकाश की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में बरसात के मौसम में संभावित बाढ़ व बंधों के कटान आदि से बचाव व सुरक्षा के मद्देनजर बाढ़ स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई। एडीएम ने जनपद में बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील नदियों राप्ती व घाघरा के आसपास के इलाकों में संभावित बाढ़ से पूर्व की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए बंधों, बाढ़ चौकियों, आश्रय स्थलों, बाढ़ के दौरान फैलने वाली संक्रामक बीमारियों आदि के बारे में संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अधिशासी अधिकारी ड्रेनेज खंड ने संभावित बाढ़ से बचाव के दृष्टिगत अब तक की तैयारियों के बारे में अवगत कराया। एडीएम ने बंधों की मरम्मत आदि को गुणवत्ता सहित अविलंब पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। एडीएम ने तीनों तहसीलो के एसडीएम को अपने तहसीलों में बाढ़ से बचाव के दृष्टिगत किए जा रहे प्रबंधों व आवश्यक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करते रहने के निर्देश दिए।
एडीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत हैंडपंपाें को क्रियाशील रखते हुए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। उन्होंने बाढ़ के दौरान किसी भी संक्रामक बीमारी को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक और जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी को दिए। एडीएम ने बाढ़ की संभवना से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों विशेष रूप से धनघटा व मेंहदावल तहसील में बाढ़ से प्रभावित हो सकने वाले ग्रामीणों व उनके पशुओं को बाढ़ के दौरान व्यवस्थित किए जाने के लिए राहत कैम्पों की स्थापना एवं संचालन से सम्बंधित बिन्दुओं की समीक्षा की।
एडीएम ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में विभिन्न प्रकार की संक्रमणों आदि की संभावना काफी बढ़ जाती है, इसलिए इससे बचाव के उपायों को पहले से ही सुनिश्चित कर लिया जाए और संक्रामक बीमारी को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक व जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। नगर पालिका क्षेत्र में बरसात के मौसम में जल जमाव से निपटने के लिए पहले से ही जल निकासी की व्यवस्था एवं नालों की साफ-सफाई दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ संत कुमार, सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया, डीडीओ सुरेश चंद्र केसरवानी, डीसी मनरेगा प्रभात द्विवेदी, एसडीएम सदर शैलेश दूबे, एसडीएम मेंहदावल अरूण वर्मा, एसडीएम धनघटा उत्कर्ष श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।