विद्यालय के कक्ष में कूकर में पका हुआ मीट मिला
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय अहिरौली में बुधवार की रात स्कूल के शिक्षकों ने मीट की दावत की। इसकी सूचना प्रधान ने बीएसए को दी। प्रधान सुबह स्कूल पहुंचे तो वहां कूकर में मीट मिला और शराब की बोतल मिली। प्रधान की सूचना पर बीएसए ने हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है, पूरे प्रकरण की जांच बीईओ पौली अर्जुन प्रसाद को सौंपी है।
अहिरौली गांव के लोगों ने शुक्रवार की सुबह बीएसए अमित सिंह को फोन कर सूचना दी कि विद्यालय पर रात में मीट बनाया गया और शराब की पार्टी चली। इसके बाद गांव के कार्यवाहक प्रधान राजीव प्रताप के साथ चंद्रभूषण सिंह, धनंजय, उमेश आदि ने भी बीएसए को मीट बनने की सूचना दी। प्रधान सुबह विद्यालय पर पहुंच गए तो किचन बंद मिला।
किचन खुलवाया तो वहा रखे कूकर में मीट मिला। इसके साथ ही एकल कक्ष में शराब की बोतल मिली। बीएसए ने प्रधान की सूचना पर हेडमास्टर अमित कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके बाद पूरे प्रकरण की जांच बीईओ पौली अर्जुन प्रसाद वर्मा को सौप दी।
बीईओ अर्जुन प्रसाद वर्मा मौके पर पहुंचे और जांच की। बीईओ ने बताया कि मौके पर जांच की गई है। कूकर में पका हुआ मीट पाया गया है। इसके साथ ही एकल कक्ष में शराब की बोतल मिली है। ग्रामीणों ने बताया कि यहां पर अक्सर मीट व शराब की दावत चलती है। उन्होंने बताया कि पूरी रिपोर्ट बीएसए को दी जाएगी।
अहिरौली गांव के प्रधान ने सूचना दी कि विद्यालय में मीट बना था। इसके साथ ही उन्होंने फोटो भी भेजी थी। उनकी सूचना पर प्रधानाध्यापक अमित कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच बीईओ पौली को सौपी गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।