कमिश्नर ने दी पर्व को निर्विघ्न संपन्न कराने की हिदायत
संतकबीरनगर। कमिश्नर बस्ती मंडल अखिलेश सिंह और आईजी आरके भारद्वाज ने मंगलवार की शाम को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। नवरात्र, दशहरा, दीपावली सहित आगामी त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी। कहा कि निर्विघ्न पर्व संपन्न कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
कमिश्नर अखिलेश सिंह ने कहा कि नवरात्र पर्व के दौरान दुर्गा पंडाल में मूर्तियों की स्थापना से लेकर मंचन, समापन एवं विसर्जन तक को सकुशल एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराया जाए। त्योहारों के दौरान आम जनमानस की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। दुर्गापूजा पंडाल को सड़कों पर न लगाया जाए। डीजे एवं अन्य वाद्य यंत्रों को तेज आवाज में न बजाएं। दुर्गा प्रतिमाओं की ऊंचाई ज्यादा न रखी जाए। इससे बिजली के तारों आदि में छू जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। आईजी आरके भारद्वाज ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। दुर्गापूजा पंडाल में आयोजक मंडली के साथ समन्वय स्थापित कर पुलिस कर्मियों की डयूटी निर्धारित की जाए। इस अवसर पर डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एसपी सत्यजीत गुप्त, एएसपी संतोष कुमार सिंह, एसडीएम सदर शैलेष दुबे, एसडीएम अरुण वर्मा, एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव, अपर एसडीएम रमेश चन्द्र, सीओ दीपांशी राठोर, सीओ बृजेश सिंह, सीओ अम्बरीश सिंह भदौरिया, सीओ केशवनाथ समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।